2026 एशियन गेम्स में 75 साल में पहली बार, भारत ने फाइनल में चैंपियन दक्षिण कोरिया टीम को 5-3 से हराकर जीता गोल्ड...
2026 एशियन गेम्स में भारत ने 11वां गोल्ड मेडल जीत लिया है। तीरंदाजी में महिला रिकर्व टीम ने दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर इतिहास रच दिया है। भारत की कीर्ति, कुमकुम और अंकिता ने कठिन परिस्थितियों में कमाल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। यह एशियन गेम्स के 75 साल के इतिहास में पहली बार है जब भारत की महिला रिकर्व टीम ने एशियाई खेलों में कोई गोल्ड मेडल जीता है।
मुकाबला शुरुआत से ही कांटे का रहा. चूंकि परिस्थितियां अनुकूल नहीं थीं, इसलिए दोनों टीमों के खिलाड़ियों के लिए परफेक्ट-10 स्कोर कर पाना बहुत मुश्किल हो रहा था. दोनों टीमों ने कुल 48 शॉट लिए, जिनमें से केवल 12 बार खिलाड़ी दस का स्कोर कर पाए. कठिन परिस्थितियों में दोनों तरफ से 7 और 8 का स्कोर भी हुआ।
भारत को दिलाया 11वां गोल्ड
पहले सेट में भारत और दक्षिण कोरिया 54-54 से बराबरी पर थे. दूसरे सेट में भी दोनों टीमों ने 56-56 से बराबरी पर फिनिश किया. भारत ने तीसरे सेट में अच्छी बढ़त बनाई, क्योंकि भारत ने यह सेट 55-51 से जीतकर सेट अपने नाम किया और 2 बहुमूल्य पॉइंट्स अपने नाम किए. इस समय तक भारत 4-2 की बढ़त बना चुका था.आखिरी सेट में भारत को कम से कम ड्रॉ खेलना था.सारी उम्मीदें कुमकुम पर आ टिकी थीं, क्योंकि भारत को आखिरी शॉट पर 10 से कम कुछ भी मंजूर नहीं था. कुमकुम ने 10 न लगाया होता तो मुकाबला बराबरी पर खड़ा हो जाता और परिणाम शूट-ऑफ के सहारे आता।
चैंपियन दक्षिण कोरिया को हराया
तीरंदाजी के खेल में दक्षिण कोरिया हमेशा से बादशाह रहा है, जिसने इस खेल में अब तक कुल 94 मेडल जीते हैं. वहीं महिला रिकर्व तीरंदाजी में दक्षिण कोरिया 10 बार का ओलंपिक चैंपियन है, पूर्व वर्ल्ड चैंपियन रहा है, एशियन और एशियन गेम्स में सालों से उसी ने दबदबा बनाया हुआ है. मगर भारत की कीर्ति, कुमकुम और अंकिता ने इतिहास बदलते हुए गोल्ड पर निशाना साधा।
तीरंदाजी में मिला चौथा गोल्ड
2026 एशियन गेम्स में यह तीरंदाजी में भारत का कुल चौथा गोल्ड मेडल है. उससे पहले महिला टीम कंपाउंड, मिक्स्ड टीम कंपाउंड और मेंस टीम कंपाउंड में भारत ने तीरंदाजी के खेल में गोल्ड मेडल जीत लिया था. वहीं भारत के कुल पदकों की संख्या 67 हो गई है।