Headlines
Loading...
21 लाख की बाइक, 34 लाख की BMW कार, थाईलैंड वाली पत्नी ने पति पर लुटाई दौलत, फिर पता चली सच्चाई...

21 लाख की बाइक, 34 लाख की BMW कार, थाईलैंड वाली पत्नी ने पति पर लुटाई दौलत, फिर पता चली सच्चाई...

कानपुर क्राइम न्यूज। अपने इंडियन पति को ढूंढते हुए थाईलैंड की एक महिला कानपुर पहुंच गई। हाथ में तस्वीरें लेकर महिला अपने पति को ढूंढ रही थी। महिला ने पति को लेकर जो बातें बताईं उसे सुनकर हर कोई सन्न रह गई। महिला ने पति को लेकर कई ऐसे राज खोले जिसके बारे में किसी को नहीं पता था।

थाईलैंड की रहने वाली अपसॉर्न नाम की महिला ने बताया कि उसके साथ धोखा हुआ है। शादीशुदा इरफान के नाम के व्यक्ति से उसका प्रेम-प्रसंग हो गया था। उसने उससे शादी कर ली। इरफान के ऊपर उसने लाखों रुपये लुटा दिए। उन रुपयों से इरफान ने लग्जरी बाइक और लग्जरी कार भी खरीदी थीं।

थाईलैंड में रहने वाली महिला अपसॉर्न भारत आई और अपने परिचित को लेकर पांच अक्तूबर की रात करीब 10 बजे दलेल पुरवा अनवरगंज निवासी मो. इरफान के घर पहुंची। यहां उन्हें इरफान की पहली शादी और तीन बच्चों के बारे में पता चला तो विरोध किया। इसके बाद अपने रुपये वापस मांगे तो उनके साथ मारपीट की गई। 
मुस्लिम धर्म कुबूल करके धर्म परिवर्तन करने और निकाह करने का दबाव बनाया गया। महिला ने विरोध किया तो इरफान और उसके पिता चांद मारपीट पर अमादा हो गए और गालियां देने लगे। उन्हें घर से भगा दिया। तब उन्हें एहसास हुआ कि इरफान ने धोखाधड़ी करके उनसे झूठी शादी की और उनके पैसे भी हड़प लिए। शारीरिक शोषण किया और धर्म परिवर्तन का नाजायज दबाव बनाया।

महिला ने पुलिस को दी तहरीर

महिला की तहरीर पर अनवरगंज पुलिस ने मो. इरफान उसके पिता चांद और पार्टनर रेहान पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इरफान को बुधवार जेल भेज दिया गया। एसीपी मंजय सिंह ने बताया कि दोनों का आमना सामना कराया गया था तो इरफान ने शादी की बात कुबूल की है। उसने रुपयों के लेनदेन की बात भी मानी लेकिन कहा पहले उसने एक लाख थाई मुद्रा दी थी जिसके बाद 13 लाख रुपये व्यापार के सिलसिले में लिए थे। 57 लाख रुपयों के लेनदेन से उसने इंकार किया हालांकि पुलिस जांच कर रही है। एसीपी ने बताया कि महिला का मेडिकल कराया गया है। कलमबंद बयान के लिए कोर्ट भेजा गया था लेकिन वह हो नहीं सके। अब गुरुवार को पुन: कोर्ट भेजा गया।

पुलिस से पूछताछ में क्या बोला इरफान

कानपुर के रहने वाले इरफान नाम के युवक ने पुलिस को बताया, मेरे धर्म में दो शादी जायज हैं इसीलिए थाईलैंड में अपसॉर्न से विवाह किया था। सोचा था कि बाद में उसे बता दूंगा। यह कभी नहीं सोचा था कि वह भारत आ जाएगी। अपसॉर्न से विवाह के बाद कुछ पैसे मैने भी दिए थे। बाद में व्यापार के सिलसिले में जरूरत पड़ी तो लिए भी। 

अनवरगंज पुलिस की पूछताछ में दलेल पुरवा अनवरगंज निवासी मो. इरफान ने यह बातें स्वीकार की हैं। उसके दो शादी के तर्क पर थाई महिला बोली, वह तो बौद्ध है। उसके धर्म में दो शादी नहीं होती। फिर धोखा क्यों दिया। थाई रीति रिवाज से शादी करने पर भी उन्होंने सवाल उठाया। पुलिस ने दोनों का आमना सामना कराया था। दोनों की बातचीत में यह बात सामने आयी। पुलिस ने इरफान को जेल भेज दिया।

आरोप, इरफान ने थाई महिला को पहनाया था हिजाब

अपसॉर्न ने बताया कि जब वह इरफान के घर पहुंची और उसकी शादी की हकीकत पता चली तो विरोध किया। इस पर इरफान ने मुंह पर जबरन हिजाब पहनाते हुए कहा कि मुस्लिम धर्म अपनाओ। धर्म परिवर्तन करके मुझसे निकाह करो। विरोध करने पर उन्हें घर से भगा दिया। अपसॉर्न ने बताया कि इरफान ने उनका नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया जिसके बाद उन्हें भारत आना पड़ा। इससे पहले वह बात करता था तो भारत आकर धर्म परिवर्तन करने के बाद ही पैसे वापस करने को कहता था।

लखनऊ और दिल्ली से खरीदी बाइक, बेच भी दी

पुलिस के मुताबिक अपसॉर्न से मिले रुपयों से इरफान ने लखनऊ और दिल्ली से दो बाइकें खरीदीं। 21 लाख रुपये की निंजा-10 आर और 34 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू 1000 बाइक उसने ली थी। दोनों बाइकें वह बेच भी चुका है। आरोप हैं कि मुकदमा दर्ज कराने के बाद थाई महिला को लगातार इंटरनेट कॉल करके धमकियां दी जा रही हैं। हालांकि पुलिस ने इस मामले से अनभिज्ञता जतायी है। 

थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने ऐसी किसी जानकारी से इंकार किया है। महिला ने आरोप लगाया कि इरफान ने अपने दोस्त को रुपये देने के लिए थाईलैंड में ही उनके सामने रेहान से फोन पर झूठा झगड़ा किया। उन्होंने जब कारण पूछा तो व्यापार का लेनदेन बताया। जिसके बाद महिला ने रुपये दिए जो धोखाधड़ी करके लिए गए।

कुल सात बार इरफान गया पटाया, छह बार शादी के बाद

एसीपी मंजय सिंह ने बताया कि थाई महिला अपसॉर्न पटाया बीच पर एक सी फूड रेस्टोरेंट चलाती है। इरफान भी वहां आता जाता रहता था। इंस्टाग्राम पर दोस्ती होने के बाद वह पटाया बीच पर ही मिला। 22 अप्रैल 2025 को महिला के घर वालों की मौजूदगी में बौद्ध धर्म के अनुसार इरफान ने शादी की। शादी से पहले एक बार और उसके बाद छह बार वह पटाया गया है। 

वहीं डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। थाई महिला का मेडिकल कराने के बाद बयानों के लिए कोर्ट भेजा गया था। किन्हीं कारणों से बयान नहीं हो सके। अब आज गुरुवार को उन्हें पुन: भेजा गया जहां इनका बयान दर्ज हुआ।