राष्ट्रपति मुर्मु का छह अक्टूबर बिलासपुर दौरा: 6 घंटे भारी वाहनों की रहेगी नो-एंट्री, शिमला जाने वाली गाड़ियों का रूट बदला...
बिलासपुर, न्यूज। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगामी छह अक्टूबर को एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षा समारोह में प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग तैयारी में जुटे हैं।राष्ट्रपति के संशोधित कार्यक्रम के जारी होते ही पुलिस प्रशासन ने नई यातायात व्यवस्था और सुरक्षा खाका तैयार कर लिया है। एम्स परिसर और उसके आसपास के तमाम संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा घेरा पहले से अधिक कड़ा कर दिया गया है।
सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक बड़े वाहनों पर पाबंदी
राष्ट्रपति के एम्स आगमन और वापसी के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं। तय योजना के तहत नौणी से ब्रह्मपुखर मार्ग पर सुबह 6:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक सभी प्रकार के भारी और बड़े वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस समयावधि में केवल अति-आवश्यक आपातकालीन वाहनों और स्वीकृत सरकारी गाड़ियों को ही जाने की अनुमति होगी। वीवीआईपी काफिले की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रूट पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
मंडी और हमीरपुर से शिमला जाने वाले वाहनों का रूट बदला
आम जनता की सुविधा और मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव घटाने के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक रूट तय किया है। मंडी और हमीरपुर की तरफ से शिमला व सोलन की ओर जाने वाले वाहनों को घागस से ब्रह्मपुखर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
ड्रोन और पैराग्लाइडिंग पर प्रतिबंध
सुरक्षा के दृष्टिगत पूरे बिलासपुर जिले में ड्रोन उड़ाने, पैराग्लाइडिंग गतिविधियों और किसी भी प्रकार के गोला-बारूद या हथियार लेकर चलने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
चार सेक्टर में बंटा सुरक्षा घेरा, 250 जवान तैनात
राष्ट्रपति की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस ने एम्स परिसर और आसपास के समूचे क्षेत्र को चार सुरक्षा सेक्टरों में विभाजित किया है। सुरक्षा व्यवस्था की कमान लगभग 250 पुलिस जवानों के हाथों में होगी। प्रवेश व निकास द्वारों पर मेटल डिटेक्टर और सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही है।
श्री नयना देवी दौरा रद, अब सीधे एम्स पहुंचेंगी राष्ट्रपति
पूर्व में प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति का श्री नयना देवी जी मंदिर दर्शन का कार्यक्रम भी शामिल था, जिसे अब संशोधित कर रद्द कर दिया गया है। नई रूपरेखा के अनुसार, राष्ट्रपति अब सीधे एम्स बिलासपुर पहुंचेंगी और मुख्य अतिथि के रूप में प्रथम दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगी।
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसे ध्यान में रखते हुए ही रूट प्लान में बदलाव किया गया है। पुलिस व प्रशासनिक टीमें लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं।
-राहुल कुमार, उपायुक्त, बिलासपुर।