Headlines
Loading...
जूता और बिना सिर ढके प्रवेश... बंगला साहिब घटना के विरोध में अकाल तख्त पहुंचे आप पार्टी विधायक, अमित शाह को तलब करने की मांग...

जूता और बिना सिर ढके प्रवेश... बंगला साहिब घटना के विरोध में अकाल तख्त पहुंचे आप पार्टी विधायक, अमित शाह को तलब करने की मांग...

अमृतसर, न्यूज। दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब में पुलिस के जूते पहनकर व बिना सिर ढंके प्रवेश करने की घटना के विरोध में आम आदमी पार्टी के दस विधायक सोमवार को श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार से मिलने पहुंचे। विधायकों ने डा. इंद्रबीर सिंह निज्जर की अगुआई में श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय के इंचार्ज बगीचा सिंह को ज्ञापन सौंपा।

आप नेताओं ने दस अक्टूबर को हुई उक्त घटना पर रोष जताते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस की यह कार्रवाई अत्यंत निंदाजनक हैं। दिल्ली पुलिस को केंद्रीय गृह मंत्रालय संचालित करता है। ऐसे में गृह मंत्री को इस मामले में स्पष्टीकरण देने के लिए श्री अकाल तख्त साहिब में तलब किया जाए।

जाति के आधार पर प्रवेश पर रोक

उधर, लुधियाना के पायल से विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने दावा किया कि उन्हें जाति के आधार पर सचिवालय में प्रवेश नहीं करने दिया गया। हालांकि श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय के मीडिया सलाहकार जसकरण सिंह ने कहा कि ग्यासपुरा को जत्थेदार और सिख संस्थाओं के प्रति पूर्व में की गई आपत्तिजनक बयानबाजी के कारण रोका गया।

उन्होंने कहा कि उनकी ही जाति से संबंधित दो विधायकों को नहीं रोकने से स्पष्ट है कि जाति के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया गया। उन्होंने कहा, ग्यासपुरा भ्रामक बयान के लिए सिख कौम से माफी मांगें, नहीं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गलत बयानबाजी का आरोप

वहीं, श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय के इंचार्ज ने शिष्टमंडल में मौजूद सभी विधायकों को पत्र जारी कर 15 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे स्पष्टीकरण देने को कहा है। इंचार्ज का कहना है कि बैठक में बनी सहमति के बावजूद विधायकों ने बाहर मीडिया के समक्ष गलत बयानबाजी की।