प्रयागराज में अचानक दोपहर गूंज उठी गोलियों की तड़तड़ाहट, हेड कांस्टेबल की मौत से मचा कोहराम, बंद क्वार्टर में आखिर क्या हुआ?...
प्रयागराज न्यूज। प्रयागराज स्थित पुलिस लाइन में बुधवार दोपहर अचानक गोली चलने की आवाज गूंजी और देखते ही देखते खुशियों से भरे एक घर में मातम पसर गया. सरकारी क्वार्टर में हेड कॉन्स्टेबल अजय कुमार मौर्य को गोली लग गई. परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच में पुलिस इसे सरकारी असलहे से अचानक चली गोली का हादसा बता रही है। हालांकि, घटना के पीछे की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
ड्यूटी से लौटे, कुछ देर बाद चली गोली
अजय कुमार मौर्य 2011 बैच के पुलिसकर्मी थे. प्रमोशन के बाद वह हेड कॉन्स्टेबल बने थे. उनकी तैनाती एक न्यायिक अधिकारी की सुरक्षा में थी. वह परिवार के साथ प्रयागराज पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में रहते थे।
मीडिया जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर ड्यूटी खत्म होने के बाद अजय अपने क्वार्टर लौटे थे. इसी दौरान सरकारी असलहा रखते समय अचानक गोली चल गई. गोली उनकी गर्दन के दाहिने हिस्से में लगी. वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. गोली की आवाज सुनकर और पत्नी की चीख-पुकार के बाद आसपास मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. घायल हेड कॉन्स्टेबल को एंबुलेंस से स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलने पर RI विनोद कुमार, DCP सिटी सागर जैन और ACP कर्नलगंज समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पुलिस लाइन पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी जुटाई।
हादसा या कुछ और? हर पहलू की जांच
ACP विवेक यादव और DCP सिटी सागर जैन के मुताबिक, शुरुआती जांच में सरकारी हथियार से अचानक गोली चलने की बात सामने आई है. हालांकि, पुलिस ने अभी किसी अंतिम नतीजे पर पहुंचने से इनकार किया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी से विवाद की चर्चा, आत्महत्या के एंगल पर भी नजर
घटना के बाद पुलिस लाइन में अलग-अलग चर्चाएं सामने आ रही हैं. एक चर्चा के मुताबिक, घर लौटने के बाद अजय का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी. कुछ लोग आत्महत्या की आशंका भी जता रहे हैं. हालांकि, इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि घटना की परिस्थितियों की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल, यह स्पष्ट होना बाकी है कि गोली किन हालात में चली।