अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को मिली जान से मारने की धमकी, आत्मघाती हमले की दी गई चेतावनी...
बॉलीवुड में इन दिनों डर का माहौल बना हुआ है। पिछले दिनों 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना सामने आई थी, जिसमें वो बाल-बाल बचे थे। इसके बाद अब अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को लेकर जानकारी सामने आ रही है कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। उनके साथ ही मेयर ऋतु तावड़े भी निशाने पर हैं।
दरअसल, जानकारी के अनुसार, मुंबई और नवी मुंबई में धमकी भरे ई-मेल मिले हैं, जिसके बाद मुंबई में हड़कंप मच गया है. नवी मुंबई के ऐरोली स्थित वाइबग्योर हाई स्कूल को ई-मेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. बताया जा रहा है कि इस ई-मेल में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
दिलजीत दोसांझ-अमिताभ बच्चन पर आत्मघाती हमले की धमकी
पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में लाइव कॉन्सर्ट होना है। वहीं, इस ई-मेल में अमिताभ बच्चन का भी नाम शामिल है। उनके जुहू स्थित बंगले जलसा पर भी हमले की धमकी दी गई है. ई-मेल में ग्रेनेड से हमला करने की बात कही गई है। धमकी में 27-30 अक्टूबर के बीच निशाना बनाने का जिक्र किया गया है।
इस ई-मेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा ने कथित तौर पर इसकी जिम्मेदारी ली है. हालांकि, ई-मेल में किए गए इन दावों की कोई पुष्टि नहीं हुई है. धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. मामले की जांच की जा रही है और धमकी की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा संबंधी कदम उठाए जा रहे हैं।
टाइगर श्रॉफ पर हुआ था जानलेवा हमला
गौरतलब है कि टाइगर श्रॉफ पर बीते दिनों ही जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें एक्टर को गोलियों के छर्रों से चोटें आईं. उसके निशान भी उन्होंने दिखाए थे. इस गोलीबारी की घटना के बाद मुंबई में हड़कंप मच गया, जिसके बाद क्राइम ब्रांच की 20 स्पेशल टीमों का गठन किया गया था और इस मामले में अब तक करीब 10 गिरफ्तारी हो चुकी है. शूटर्स को भी पकड़ लिया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस इसकी तेजी से जांच कर रही है।