वाराणसी में रेल मंत्री और मुख्यमंत्री वंदे भारत स्लीपर और इन ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी...
वाराणसी, न्यूज। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के साथ ही प्रयागराज रामबाग-बनारस मेमू और वाराणसी सिटी-राजातालाब मेमू को शनिवार को बनारस स्टेशन से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरी झंडी दिखाएंगे।
शनिवार दोपहर बाद साढ़े तीन बजे आयोजित इस कार्यक्रम के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन भी लागू किया है।
वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन रात 8.50 बजे वाराणसी जंक्शन से प्रस्थान करेगी। सप्ताह के छह दिन दोनों तरफ से ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
इसके साथ ही प्रयागराज रामबाग-बनारस मेमू और वाराणसी सिटी-राजातालाब मेमू ट्रेन भी सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा के लिहाज से अत्याधुनिक हैं। 2214 यात्री क्षमता वाले इस मेमू ट्रेन के सभी कोचों और ड्राइवर कैब में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
आज परिवर्तित प्लेटफार्म से चलेंगी ट्रेनें
बनारस स्टेशन पर आयोजित उद्घाटन समारोह के चलते कुछ ट्रेनों के प्लेटफ़ार्म में परिवर्तन किया गया है। शनिवार को गाड़ी संख्या-22535 रामेश्वरम-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस एवं गाड़ी संख्या- 26506 बनारस-खजुराहो वंदे भारत प्लेटफार्म नंबर तीन से आवागमन करेगी।
गाड़ी संख्या-12560 शिवगंगा एक्सप्रेस व गाड़ी संख्या-12582 नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर पांच पर आएगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या-20176 आगरा कैंट-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या-20175 बनारस-आगरा कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर एक से ही आवागमन करेगी।