Headlines
Loading...
बाबा के जाने के बाद मां ही सबसे बड़ी थी, मां के निधन पर भावुक हुए झारखंड CM हेमंत सोरेन...

बाबा के जाने के बाद मां ही सबसे बड़ी थी, मां के निधन पर भावुक हुए झारखंड CM हेमंत सोरेन...

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का आज बुधवार को रांची के हिल व्यू अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। रूपी सोरेन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक संरक्षक पद्म भूषण से सम्मानित नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी थीं। रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में उनके निधन की सूचना के बाद सोरेन परिवार सहित पार्टी के नेताओं और समर्थकों के बीच शोक की लहर है।

मुख्यमंत्री की मां रूपी सोरेन का पिछले महीने से ही तबीयत बिगड़ने के बाद रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था. इसी बीच आज इलाज के दौरान ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था. इस दौरान झारखंड सरकार के कई मंत्री उनकी तबीयत की जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंचे थे. हालात को देखते हुए आज शाम झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट की बैठक पहले ही स्थगित कर दी गई थी।

सांस लेने में तकलीफ के कारण कराया गया था भर्ती

हिल व्यू अस्पताल और अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. नितेश प्रिया ने पीटीआई को बताया, 'मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन, जिन्हें यहां भर्ती कराया गया था, उनका रात करीब 8.30 बजे निधन हो गया. उन्हें सांस लेने में तकलीफ के कारण 18 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था'।

मां के निधन पर भावुक हुए हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए दुख जताया. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है, 'बाबा के जाने के बाद मां ही मेरी सबसे बड़ी छांव थीं. आज वह छांव भी प्रकृति की गोद में समा गयीं'।

रूपी सोरेन ने 1999 में लड़ा था लोकसभा चुनाव

सिर्फ शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन ही नहीं बल्कि रूपी सोरेन भी राजनीति में सक्रिय रही थीं. उन्होंने अविभाजित बिहार में साल 1999 में दुमका से लोकसभा का चुनाव लड़ा था, लेकिन बाबूलाल मरांडी से 5,000 से भी कम वोटों से हार गई थीं. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, रूपी सोरेन को कुल 1,96,493 वोट मिले थे, जबकि बाबूलाल मरांडी को 2,01,141 वोट मिले थे।