IND vs NZ: ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय गेंदबाजी की उड़ाई धज्जियां, 46 गेंद में ठोका दनदनाता शतक, टीम इंडिया हुई 87 रनों से पस्त...
IND vs NZ, Glenn Phillips Century: न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने भारत के खिलाफ चौथे टी20 में शतक लगा दिया है. उन्होंने 49 गेंद पर 107 रनों की पारी खेली. इसमें उनके बल्ले से 6 चौके और 10 छक्के आए.इस पारी के दौरान ग्लेन फिलिप्स ने सिर्फ 46 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। यह ग्लेन फिलिप्स का टी20 इंटरनेशनल में तीसरा शतक है।
इसी के साथ ग्लेन फिलिप्स न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से पहले नंबर पर पहुंच गए हैं. न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स से पहले कॉलिन मुनरो और फिन एलन ने इस फॉर्मेट में 3-3 शतक लगाए थे. अब ग्लेन फिलिप्स के नाम भी टी20 इंटरनेशनल में 3 शतक दर्ज हो गए हैं।
ग्लेन फिलिप्स ने बनाए कई रिकॉर्ड
29 साल के ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) ने अपनी इस पारी के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए. दरअसल, ग्लेन फिलिप्स न्यूजीलैंड के पहले और इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने भारत के खिलाफ एक टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 3 बार फिफ्टी प्लस स्कोर बनाए हैं. अभी तक कोई भी कीवी बल्लेबाज ऐसा नहीं कर सका था।
फिलिप्स ने सीरीज के पहले मैच में 82, दूसरे में 70, तीसरे में 17 बनाए थे. इसके बाद चौथे टी20 में ग्लेन फिलिप्स ने 107 रनों की पारी खेली.ग्लेन फिलिप्स से पहले दुनिया के सिर्फ 2 खिलाड़ी भारत के खिलाफ एक टी20 सीरीज में तीन 50+ स्कोर बनाए थे. यह कारनामा सबसे पहले वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज निकोलस पूरन ने साल 2022 में किया था. उनके अलावा वेस्टइंडीज के ही बल्लेबाज शे होप ने पिछले महीने ही यह कारनामा कर दिखाया है।
मैच का क्या हाल?
मैच की बात करें, तो भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. न्यूजीलैंड की टीम एक बार फिर बल्लेबाजी करने उतरी. न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही, लेकिन फिर कीवी बल्लेबाजों ने शानदार वापसी की और 259 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया. न्यूजीलैंड ने 34 रन के स्कोर पर 2 विकेट खो दिए थे. इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने चौथे नंबर पर आकर पारी को संभाला. उन्होंने पहले फिन एलन के साथ 59 रनों की पार्टनरशिप की. फिन एलन 17 गेंद पर 31 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद फिलिप्स ने माइकल ब्रेसवेल के साथ सिर्फ 40 गेंद पर 115 रनों की साझेदारी की. ब्रेसवेल 25 गेंद पर 4 चौके और 6 छक्के की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, ग्लेन फिलिप्स ने 49 गेंद पर 107 रन बनाए. इसके दम पर न्यूजीलैंड ने चौथे टी20 में भारत को 260 रनों का टारगेट दिया।