Headlines
Loading...
IND vs WI: वेस्टइंडीज ने बिगाड़ी गौतम गंभीर की बर्थडे पार्टी, टीम इंडिया को हराकर सीरीज 2-2 से की बराबर, भारत को बुरी तरह हराया...

IND vs WI: वेस्टइंडीज ने बिगाड़ी गौतम गंभीर की बर्थडे पार्टी, टीम इंडिया को हराकर सीरीज 2-2 से की बराबर, भारत को बुरी तरह हराया...

भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में वेस्टइंडीज का दमदार प्रदर्शन जारी है। वनडे सीरीज हारने के बावजूद वेस्टइंडीज ने टी20 सीरीज में दूसरी बार वापसी करते हुए बराबरी कर ली। हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 मैच वेस्टइंडीज ने जबरदस्त बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया को 24 रन से हरा दिया.इस तरह 5 मैच की सीरीज 2-2 से बराबर हो गई। विंडीज कप्तान शे होप ने सीरीज में अपना दूसरा शतक जमाया, जबकि ऑलराउडंर कीमो पॉल ने 5 विकेट लेकर टीम इंडिया को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया।

बुधवार 14 अक्टूबर का दिन भारतीय टीम के लिए एक सुहाने अंदाज में शुरू हुआ था क्योंकि हेड कोच गौतम गंभीर का बर्थडे जो था। अपने जीवन के 45 साल पूरे करने वाले गंभीर को अपनी टीम से बस एक गिफ्ट की जरूरत थी- जीत। हैदराबाद में चौथे टी20 मैच में जीत के साथ ही टीम इंडिया सीरीज अपने नाम कर लेती और इस तरह कोच गंभीर के बर्थडे का जश्न दोगुना हो जाता। मगर इस दौरे पर लगातार भारतीय टीम के लिए सिरदर्द साबित हो रहे वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप ने एक बार सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

राजीव गांधी स्टेडियम में इस बार भी धुआंधार बल्लेबाजी की उम्मीद थी और वही हुआ भी. टॉस हारने के बाद वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी करने पड़ी लेकिन कप्तान होप ने इस मजबूरी को भी एक मौके में बदल दिया. वनडे सीरीज में 2 शतक लगाने वाले होप ने इस टी20 सीरीज में भी अपना दूसरा शतक लगाया। दूसरे टी20 में उन्होंने छक्का जड़कर शतक लगाने के साथ ही टीम को जीत दिलाई थी। वहीं इस बार पहले बल्लेबाजी करते हुए पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने शतक पूरा किया।

होप के अलावा शरफेन रदरफोर्ड ने फिर से धुआंधार बैटिंग की और कप्तान के साथ 91 रन की साझेदारी की. इन दोनों के अलावा शिमरॉन हेटमायर और ज्यूल एंड्रयू ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए इस बड़े स्कोर में योगदान दिया. इस तरह वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 247 रन का स्कोर खड़ा किया. भारत के लिए सिर्फ प्रिंस यादव (1/36) कुछ असरदार गेंदबाजी कर सके।

टीम इंडिया के लिए संजू सैमसन ने विस्फोटक आगाज करते हुए सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक जमा दिया और टीम को भी तीसरे ओवर में ही 50 रन के पार पहुंचा दिया. ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम ये लक्ष्य हासिल कर लेगी लेकिन चौथे ओवर में अचानक कहानी बदल गई. कीमो पॉल ने इस ओवर में सैमसन और ईशान किशन को आउट कर दिया. कप्तान श्रेयस अय्यर और अभिषेक शर्मा ने रनों की रफ्तार को बरकरार रखने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे।

अय्यर भी जल्दी आउट हो गए। वहीं शुरुआती 5 ओवर में सिर्फ 4 गेंद खेलने वाले अभिषेक ऐसे हाल में पूरी लय में नहीं दिखे और 12वें ओवर में वो भी पवेलियन लौट गए. इसी ओवर में गुडाकेश मोती ने अगली ही गेंद पर नमन धीर को भी आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया. सिर्फ 130 रन पर भारत के 5 विकेट गिर गए थे। 

मगर फिर तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने धुआंधार 70 रन जोड़े. 17वें ओवर में तिलक के आउट होते ही ये साझेदारी टूटी और जीत की उम्मीद भी बिखर गई. 19वें ओवर में फिर कीमो पॉल ने कमाल दिखाया और 3 विकेट लेकर भारत की हार तय कर दी। वहीं टीम इंडिया ने 223 रन बनाए।