Headlines
Loading...
दिल्ली-NCR में "जय श्रीराम के जयकारों के बीच हुआ रावण दहन, कहीं अग्निबाण... कहीं आतिश बाजी से जला पुतला...

दिल्ली-NCR में "जय श्रीराम के जयकारों के बीच हुआ रावण दहन, कहीं अग्निबाण... कहीं आतिश बाजी से जला पुतला...

नईदिल्ली, दशहरा न्यूज। दिल्ली-NCR में विजयादशमी पर रावण दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। गुरुग्राम में 66 स्थानों पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन हुआ।दिल्ली के लाल किला मैदान में रामलीला के दौरान प्रियंका गांधी ने सांकेतिक तीर चलाया, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में भी रावण दहन देखने के लिए लोग जुटे।

दिल्ली: प्रियंका गांधी ने चलाया सांकेतिक तीर

नई दिल्ली के लाल किला मैदान में आयोजित नव श्री धार्मिक लीला कमेटी की रामलीला में कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने सांकेतिक तीर चलाया।
 

इस दौरान पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल और कमेटी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के जरिए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।

गुरुग्राम: अग्निबाण लगते ही गूंजा जय श्रीराम

साइबर सिटी में विजयादशमी पर रामलीला मंच पर श्रीराम और रावण के युद्ध का मंचन हुआ। जैसे ही श्रीराम का अग्निबाण रावण के पुतले पर लगा, आतिशबाजी के बीच जय श्रीराम और सियाराम के जयकारे गूंज उठे। जिले में 66 स्थानों पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया।

न्यू कॉलोनी स्थित श्री सनातन धर्मसभा रामलीला कमेटी की ओर से दशहरा मैदान में 55 फुट ऊंचे पर्यावरण अनुकूल रावण के पुतले का दहन आकर्षण का केंद्र रहा। यहां 50 फुट के कुंभकर्ण और 45 फुट के मेघनाद के पुतले भी लगाए गए थे।

शाम चार बजे से ही रामलीला मैदानों में लोगों की भीड़ जुटने लगी। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने रामलीला और रावण दहन देखा। बच्चों में श्रीराम और रावण के साथ सेल्फी लेने का उत्साह रहा। मैदानों के आसपास लगी खिलौनों, तीर-कमान और खानपान की दुकानों पर भी भीड़ रही। लोगों ने मेले में खरीदारी की और झूलों का आनंद लिया।

गाजियाबाद शिप्रा सनसिटी में रावण का दहन

गाजियाबाद की शिप्रा सनसिटी स्थित रॉयल टावर मंदिर पार्क में विजयादशमी पर रावण के पुतले का दहन किया गया। पुतला आग की लपटों में घिर गया और धू-धू कर जलने लगा।

 
दशहरे के मौके पर हुए आयोजन में रावण दहन के जरिए बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।

नोएडा: स्टेडियम में रावण दहन देखने उमड़े लोग

नोएडा के सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में रावण दहन देखने के लिए लोग उमड़े।

विजयादशमी के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने रावण दहन देखा और विजयादशमी का त्यौहार आनंद और उल्लास पूर्वक मनाया।