आईएमएस बीएचयू के वार्षिकोत्सव हेल्थ मेले में मिलेगी सेहत की टिप्स !! 18 नवंबर को कुलपति प्रो. अजित चतुर्वेदी मेले का करेंगे उद्घाटन...
वाराणसी, न्यूज। आईएमएस बीएचयू के वार्षिकोत्सव पर प्रस्तावित हेल्थ मेले की तैयारियों की स्थित पर शुक्रवार को बैठक हुई। इसमें मेले की रूपरेखा और व्यवस्थाओं के बारे में अहम निर्णय लिए गए।
तय हुआ कि केएन उडुप्पा ऑडिटोरियम में लगने वाले मेले में 69 स्टाल लगाए जाएंगे। इनमें 60 आईएमएस और नौ आईआईटी के होंगे। मेले में स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर होगा।
आयोजन समिति ने विश्वविद्यालय परिवार, विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से इसमें शामिल होने की अपील की है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन शंखवार ने कहा कि 18 नवंबर को कुलपति प्रो. अजित चतुर्वेदी मेले का उद्घाटन करेंगे।
मेले का मुख्य उद्देश्य आमलोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना है। मेले में आईआईटी के निदेशक प्रो.अमित पात्रा, आधुनिक चिकित्सा संकाय के प्रो. संजय गुप्ता, आयुर्वेद संकाय के प्रो. केएन मूर्ति, दंत चिकित्सा संकाय के प्रो. अतुल भटनागर विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे।
बैठक में प्रो. बीएन मिश्रा, डॉ. एसके सिंह, संयोजक प्रो. टीपी चतुर्वेदी, प्रो. वी.राम, प्रो. एसके भारतीय आदि मौजूद रहे।