वाराणसी के पहड़िया मंडी परिसर में शुक्रवार को दीपोत्सव कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने 4 उत्कृष्ट मंडी व्यापारियों का किया सम्मान...
वाराणसी, न्यूज। पहड़िया मंडी परिसर में शुक्रवार को दीपोत्सव कार्यक्रम हुआ। आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालू' ने मंडी शुल्क नियमित रूप से जमा करने तथा प्रतिष्ठानों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा रखने वाले चार उत्कृष्ट व्यापारियों-गुलजार अहमद, हीरालाल मौर्य, इमरान अहमद एवं शहनवाज अहमद को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
आयुष राज्यमंत्री ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रोत्साहित भी किया। काशीपुर के किसान फूलबासी देवी को बैटरी चालित पावर स्प्रेयर, उत्थित नारायण सिंह को 33 इंच टीएफओ, किसान सुमित गुप्ता को सोलर पावर पैक एवं लालचंद यादव को पावर स्प्रेयर दिया गया।
मुख्यमंत्री खेत-खलिहान दुर्घटना सहायता योजना के अंतर्गत ओंकार नाथ सिंह को 13430 रुपये, सुभाष चंद्र सिंह को 12810 रुपये तथा छविराम को 32300 रुपये का चेक दिया गया। मंडी समिति के उपनिदेशक (प्रशासन/विपणन) अमित कुमार ने मंत्री का स्मृति चिह्न एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया।