Headlines
Loading...
पटना में मोमो दुकानों पर फूड सेफ्टी विभाग का आज छापा, 22 किलो सड़ा चिकन व 21 लीटर जला तेल नष्ट किया गया...

पटना में मोमो दुकानों पर फूड सेफ्टी विभाग का आज छापा, 22 किलो सड़ा चिकन व 21 लीटर जला तेल नष्ट किया गया...

Patna News: राजधानी पटना में मोमो खाने वालों के लिए चौंकाने वाली खबर सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने आज मंगलवार को शहर के तीन मोमो प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। कांटी फैक्ट्री रोड स्थित 'द मोमोज कैफे' में 22 किलो सड़ा हुआ चिकन मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं, सिटी सेंटर मॉल स्थित 'वाउ मोमो एंड वाउ चाइना' में 21 लीटर जला हुआ तेल नष्ट किया गया। मोगलपुरा के 'सिटी मोमो सेंटर' में बिना वैध लाइसेंस मोमो बनते मिले, जिसके बाद निर्माण और बिक्री बंद करा दी गई।

द मोमोज कैफे में गंदगी, दो दिनों के लिए बंद कराया गया प्रतिष्ठान

खाद्य संरक्षा टीम ने सबसे पहले कांटी फैक्ट्री रोड स्थित 'द मोमोज कैफे' का निरीक्षण किया। जांच में किचन में काफी गंदगी मिली और साफ-सफाई की व्यवस्था खाद्य संरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। डीप फ्रीजर भी काफी गंदा था और उसमें तापमान प्रदर्शित नहीं हो रहा था। वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक साथ रखे गए थे। तैयार नॉनवेज खाद्य पदार्थ पर निर्माण तिथि भी अंकित नहीं थी। शेड्यूल फोर का उल्लंघन पाया गया और कोई भी रिपोर्ट अद्यतन नहीं थी। टीम ने 22 किलो सड़े चिकन को मौके पर नष्ट कर दिया और प्रतिष्ठान को दो दिनों के लिए बंद करा दिया। खाद्य संरक्षा अधिकारी ने कैफे का लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की है। 

वाउ मोमो एंड वाउ चाइना में 21 लीटर जला तेल नष्ट किया गया 

सिटी सेंटर मॉल स्थित 'वाउ मोमो एंड वाउ चाइना' में जांच के दौरान 21 लीटर जला हुआ तेल मिला, जिसे मौके पर नष्ट किया गया। प्रतिष्ठान को कमियों में सुधार करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

बिना लाइसेंस चल रहा था सिटी मोमो सेंटर

इसके बाद टीम पटना सिटी के मोगलपुरा स्थित 'सिटी मोमो सेंटर' पहुंची। यहां प्रतिष्ठान बिना वैध लाइसेंस के संचालित पाया गया। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं थे। स्वच्छता और खाद्य सामग्री के भंडारण की स्थिति भी असंतोषजनक थी। यहां शाकाहारी व मांसाहारी सामग्री एक साथ तैयार की जा रही थी। अधिकारी ने प्रतिष्ठान को सात दिनों के भीतर वैध लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया। फिलहाल मोमो के निर्माण और बिक्री को बंद करा दिया गया है।

14 दिनों में कमियां दूर नहीं करने पर लाइसेंस होगा रद्द

नोटिस में प्रतिष्ठान को 14 दिनों के भीतर सभी कमियां दूर करने और 15वें दिन अनुपालन का प्रमाण कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय पर प्रमाण नहीं देने पर अनुज्ञप्ति निलंबित करने और फिर रद्द करने की चेतावनी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।