Headlines
Loading...
'जीते जी तो जगह नहीं दी, अब दरवाजे पर ही रहेगी बहन', पति के घर के बाहर मायके वालों ने किया आज अंतिम संस्कार...

'जीते जी तो जगह नहीं दी, अब दरवाजे पर ही रहेगी बहन', पति के घर के बाहर मायके वालों ने किया आज अंतिम संस्कार...

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। महिला की मौत से नाराज मायके वालों ने पोस्टमार्टम के बाद उसका शव सीधे ससुराल पहुंचा दिया। यहां पति के घर के मुख्य दरवाजे पर ही चिता सजाकर अंतिम संस्कार कर दिया। मायके वालों का कहना है कि जब उनकी बेटी को जीते जी ससुराल में जगह नहीं मिली तो अब मरने के बाद उसका अंतिम संस्कार वहीं किया जाएगा। परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर खाने में जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इलाज के दौरान हुई विभा ठाकुर की मौत

मामला सदर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर पताही गांव का है. मृतका की पहचान चंदन ठाकुर की पत्नी विभा ठाकुर (35) के रूप में हुई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब विभा का शव मायके वालों को सौंपा गया तो वे उसे लेकर सीधे उसके ससुराल पहुंच गए। इसके बाद पति के घर के मुख्य दरवाजे पर ही अंतिम संस्कार कर दिया गया. इस दौरान गांव के लोगों की भारी भीड़ जुट गई. घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव और हंगामे का माहौल बना रहा।

2014 में हुई थी विभा की शादी

मृतका के भाई आकाश चौधरी के मुताबिक, विभा की शादी साल 2014 में मोहम्मदपुर पताही गांव के रहने वाले चंदन ठाकुर से हुई थी. दोनों की एक 12 साल की बेटी है. आकाश का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। विभा अक्सर मायके वालों को ससुराल में होने वाली परेशानियों और प्रताड़ना के बारे में बताती थी।

भाई ने आरोप लगाया कि गर्भवती रहने के दौरान भी पति और उसके परिवार के लोग विभा पर गर्भपात कराने का दबाव बनाते थे. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया. इसके बाद विभा मायके वालों के साथ अहमदाबाद चली गई थी। बच्चे के जन्म के बाद वह वापस ससुराल लौट आई. इस बीच पति-पत्नी के बीच रिश्ते और खराब हो गए। दोनों के बीच तलाक का मामला अदालत में चल रहा था। परिजनों के अनुसार, इस मामले में 12 दिसंबर को अंतिम फैसला आने वाला था।

अचानक बिगड़ी तबीयत

परिजनों ने बताया कि छठ पूजा के संध्या अर्घ्य से एक दिन पहले विभा की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. उसने फोन कर मायके वालों को अपनी हालत की जानकारी दी. इसके बाद उसका मौसेरा भाई राहुल उसे इलाज के लिए प्रसाद हॉस्पिटल लेकर पहुंचा. वहां उसे भर्ती कराया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया था कि विभा का लीवर और किडनी गंभीर रूप से खराब हो चुके हैं. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने आशंका जताई कि विभा को खाने में कोई जहरीला पदार्थ दिया गया था।

‘जीते जी जगह नहीं मिली, अब यहीं रहेगी बहन’

विभा की मौत की खबर मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग काफी नाराज हो गए। पोस्टमार्टम के बाद वे शव लेकर सीधे ससुराल पहुंचे और पति के घर के मुख्य दरवाजे पर ही चिता सजाकर अंतिम संस्कार कर दिया। इस दौरान मृतका का भाई आकाश चौधरी भावुक हो गया. उसने कहा, “जब जीते जी बहन को साथ नहीं रखा गया तो कम से कम मरने के बाद उसका अंतिम संस्कार पति के दरवाजे पर कर दिया, ताकि अब वह हमेशा यहीं रहे।”

पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ FIR

मामले में मृतका के पिता बच्चू चौधरी ने सदर थाने में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने पति चंदन ठाकुर, ससुर मुरारी प्रसाद ठाकुर, सास मंजू देवी और ननद समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।