Headlines
Loading...
दिल्ली हवाई अड्डे पर 4.49 करोड़ ₹ का 12.2 kg. गांजा जब्त, एक भारतीय यात्री गिरफ्तार...

दिल्ली हवाई अड्डे पर 4.49 करोड़ ₹ का 12.2 kg. गांजा जब्त, एक भारतीय यात्री गिरफ्तार...

सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने करीब 4.49 करोड़ रुपये मूल्य के 12.2 किलोग्राम संदिग्ध गांजे की तस्करी के आरोप में यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया है। बुधवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई।

दिल्ली सीमा शुल्क विभाग के बयान के अनुसार, तीन नवंबर को हनोई के रास्ते बैंकॉक से आए यात्री को उसकी 'प्रोफाइल' (पहचान एवं अन्य विवरणों के) विश्लेषण के आधार पर टर्मिनल-3 पर जांच के लिए रोका गया था।

बयान में कहा गया है कि 'ग्रीन चैनल' से गुजर रहे यात्री को एक्स-रे जांच के लिए रोका गया और इसके बाद उसकी एवं उसके सामान की तलाशी ली गई। इसमें कहा गया कि इस दौरान अधिकारियों को स्लेटी रंग के एक ट्रॉली बैग में छिपाकर रखी गईं पॉलीथीन की 20 थैली मिलीं, जिनमें हरे रंग का पदार्थ था। ऐसा संदेह है कि यह पदार्थ गांजा है।बयान के अनुसार, बरामद पदार्थ का कुल वजन 12.285 किलोग्राम था और इसकी अनुमानित कीमत 4.49 करोड़ रुपये है।

बयान में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच में पदार्थ के गांजा होने के संकेत मिले, जिसके बाद प्रतिबंधित पदार्थ को उसकी पैकिंग सामग्री सहित जब्त कर लिया गया और यात्री को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।