Headlines
Loading...
8 बार हुए बैन, फिर भी नहीं रूका प्रसिद्ध साउथ  एक्टर प्रकाश राज का सफर, अब 'वाराणसी' में एंट्री पर क्यों उठ रहे सवाल?...

8 बार हुए बैन, फिर भी नहीं रूका प्रसिद्ध साउथ एक्टर प्रकाश राज का सफर, अब 'वाराणसी' में एंट्री पर क्यों उठ रहे सवाल?...

साउथ सिनेमा के जाने-माने एक्टर प्रकाश राज अपनी एक्टिंग के साथ-साथ बेबाक अंदाज के लिए भी पहचाने जाते हैं। वह अक्सर अपने बयानों और विचारों को लेकर चर्चा में रहते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें एक-दो बार नहीं, बल्कि 8 बार बैन किया जा चुका है। इसके बावजूद प्रकाश राज ने कभी अपने काम से पीछे हटने का फैसला नहीं किया। आज भी वह फिल्मों में लगातार काम कर रहे हैं।

अब प्रकाश राज एक बार फिर चर्चा में हैं. दरअसल, वह एसएस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' में नजर आने वाले हैं. लेकिन उनके इस फिल्म से जुड़ने पर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं. कुछ लोग फिल्म में उनकी कास्टिंग का विरोध कर रहे हैं और राजामौली को भी निशाना बना रहे हैं. इस पर अब एक्टर ने खुलकर अपनी बात रखी है।

'वाराणसी' में कास्टिंग पर राजामौली से पूछ रहे सवाल

प्रकाश राज हाल ही में एनटीवी के टॉक शो 'पॉइंट ब्लैंक' में पहुंचे थे. यहां उनसे उनकी फिल्मों को बैन करने की मांग और सोशल मीडिया पर होने वाले विरोध के बारे में पूछा गया. इस पर उन्होंने कहा कि जब वह 'केजीएफ' में काम कर रहे थे, तब भी कुछ लोगों को उनकी कास्टिंग से परेशानी थी. लेकिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की।

एक्टर ने 'दृश्यम 3' का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि लोग उनकी फिल्मों का विरोध करते हैं, लेकिन इसके बावजूद फिल्में अच्छा कारोबार करती हैं. प्रकाश राज ने बताया कि अब एसएस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' में उनकी कास्टिंग को लेकर भी सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आखिर कोई फिल्म को कैसे रोक सकता है?

8 बार बैन होने पर प्रकाश राज ने दिया ऐसा जवाब

बातचीत के दौरान प्रकाश राज से तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में 8 बार बैन होने के बारे में भी सवाल किया गया. इस पर एक्टर मुस्कुराते हुए बोले कि क्या यह अच्छी बात नहीं है कि हर इंसान एक जैसा नहीं होता? उन्होंने कहा कि वह अपनी जिंदगी ईमानदारी से जीते हैं और इसके साथ आने वाली परेशानियों का सामना भी करते हैं।

प्रकाश राज ने आगे कहा कि उन्होंने न तो कोई अपराध किया है और न ही किसी का कुछ चुराया है. इसलिए लोगों को उन्हें उनके काम के आधार पर परखना चाहिए. एक्टर के मुताबिक, वह पांच अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों में काम करते हैं और लगातार सफर भी करते रहते हैं. ऐसे में कभी-कभी शूटिंग के समय को लेकर परेशानी हो सकती है।

2008 में पहली बार लगा था बैन

प्रकाश राज को साल 2008 में पहली बार तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से बैन किया गया था. वह इस इंडस्ट्री में बैन होने वाले पहले एक्टर बताए जाते हैं. इसके बाद अलग-अलग कारणों से उन्हें कुल 8 बार बैन का सामना करना पड़ा।

रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोड्यूसर्स की शिकायत थी कि प्रकाश राज कई बार शूटिंग पर समय से नहीं पहुंचते थे या तय शेड्यूल के मुताबिक काम नहीं करते थे. 'जलसा', 'कंत्री' और 'परुगु' जैसी फिल्मों के प्रोड्यूसर्स ने भी उनके काम करने के तरीके को लेकर शिकायत की थी. कुछ लोगों का कहना था कि वह सेट पर समझौता करने के लिए तैयार नहीं होते थे।

MAA चुनाव में भी हुआ था विवाद

प्रकाश राज का विवाद सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रहा. साल 2021 में उन्होंने मूवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (MAA) के अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ा था. इस चुनाव में उनका मुकाबला विष्णु मांचू से था. हालांकि, वह चुनाव हार गए थे।

चुनाव के दौरान कुछ लोगों ने प्रकाश राज को बाहरी बताकर उनके खिलाफ प्रचार किया था. इसकी वजह उनका कर्नाटक में जन्म लेना बताया गया था. जबकि उन्होंने तेलुगु सिनेमा में लंबे समय तक काम किया है. चुनाव हारने के बाद प्रकाश राज ने गड़बड़ी के आरोप भी लगाए थे।

रिपोर्ट के अनुसार, MAA के चुनाव हर दो साल में होने चाहिए थे, लेकिन 2021 के बाद से नए चुनाव नहीं हुए हैं. साल 2024 में आम सभा ने फैसला किया था कि नया MAA ऑफिस बनने तक विष्णु मांचू और उनकी टीम काम करती रहेगी. साल 2026 तक नए ऑफिस को लेकर कोई नई जानकारी सामने नहीं आई है।