Headlines
Loading...
लखनऊ में 50 हजार स्टूडेंट्स को मिले टैबलेट !!! सीएम योगी ने दी बड़ी सौगात, 25 लाख वितरण का महाअभियान आज से शुरू...

लखनऊ में 50 हजार स्टूडेंट्स को मिले टैबलेट !!! सीएम योगी ने दी बड़ी सौगात, 25 लाख वितरण का महाअभियान आज से शुरू...

केसरी न्यूज 24 लखनऊ ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष और आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से एक बड़े महाअभियान की शुरुआत की।'स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना' के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 25 लाख अतिरिक्त विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। 

इस भव्य समारोह में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के करीब 300 शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जहां सीएम योगी ने युवाओं में जोश भरने के साथ पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोला।

आप सबमें बजरंग बली की ताकत है महापुरुषों का उदाहरण देकर भरा जोश

युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा राज्य है। उन्होंने कहा कि 15 से 35 वर्ष की आयु के युवाओं में बजरंग बली की शक्ति विद्यमान है और उनके शब्दकोश में 'असंभव' जैसा कोई शब्द नहीं होना चाहिए। सीएम ने महारानी लक्ष्मीबाई 26 वर्ष, वीर सावरकर 26 वर्ष, महाराणा प्रताप 27 वर्ष और स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र और प्रदेश के भविष्य को नया आकार देती है।

'2017 से पहले चाचा-भतीजा वसूली पर निकल पड़ते थे' यूपी में अब रूल ऑफ लॉ

पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले जब कोई नौकरी निकलती थी, तो 'चाचा-भतीजा' वसूली के लिए निकल पड़ते थे और 'मुन्ना भाई' व्यवस्था हावी थी। उस दौर में परीक्षा कोई देता था और डिग्री कोई और ले जाता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते साढ़े नौ वर्षों में यूपी की छवि बदली है; जिस जमीन पर माफिया कब्जा करना चाहते थे, वहां बुलडोजर चलाकर फोरेंसिक इंस्टीट्यूट बनाया गया है। आज यूपी में 'रूल ऑफ माफिया' नहीं बल्कि 'रूल ऑफ लॉ' है, जिसके चलते यहां ब्रह्मोस मिसाइल और राइफल का निर्माण हो रहा है।

बजट में ₹2,374.60 करोड़ का प्रावधान 85 लाख युवाओं तक पहुंचेगा लाभ

प्रदेश सरकार ने 2026-27 में 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट बांटने के लिए बजट में 2,374.60 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की है। वर्ष 2021 में शुरू हुई इस योजना के तहत पिछले पांच वर्षों में 60 लाख से अधिक युवाओं को लाभान्वित किया जा चुका है और इस नए चरण के बाद लाभार्थियों की कुल संख्या करीब 85 लाख हो जाएगी। इस योजना में उच्च, प्राविधिक, चिकित्सा, कृषि, कौशल विकास, एमएसएमई, दिव्यांगजन सशक्तीकरण और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है, जिसके लिए आय या आयु की कोई सीमा नहीं रखी गई है।

AI, कोडिंग और 'युवा साथी पोर्टल' से खुलेंगे रोजगार के द्वार

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे टैबलेट को केवल मनोरंजन का साधन न बनाएं, बल्कि इसके जरिए अपना नाम मतदाता सूची में भी जरूर जुड़वाएं। इन डिजिटल उपकरणों की मदद से ग्रामीण और छोटे शहरों के विद्यार्थी घर बैठे डिजिटल लाइब्रेरी, ई-बुक्स, वर्चुअल लैब के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस AI, मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग और कोडिंग जैसे आधुनिक कौशल सीख सकेंगे। 

इसके अलावा 'युवा साथी पोर्टल' के माध्यम से छात्रवृत्ति, स्टार्टअप, स्वरोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी हर जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध होगी।