Headlines
Loading...
दीपावली के बाद वाराणसी की हवा बनी जहर, AQI 308 के पार, अगले 4 दिन घर से निकलना है खतरनाक...

दीपावली के बाद वाराणसी की हवा बनी जहर, AQI 308 के पार, अगले 4 दिन घर से निकलना है खतरनाक...

वाराणसी AQI न्यूज। दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया, लेकिन इसके बाद वाराणसी में वायु प्रदूषण की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है। दिवाली की रात से ही शहर की हवा जहरीली होती जा रही है। सरकारी एप्लीकेशन समीर के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे वाराणसी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 308 दर्ज किया गया। रविवार रात को भी एक्यूआई 250 के पार पहुंच गया था। प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है. वहीं, बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों के लिए खतरा और बढ़ गया है।

दिवाली की रात मलदहिया का AQI 303 के पार

दिवाली की रात भी वाराणसी की हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रही। रात करीब 9:15 बजे शहर का एक्यूआई 224 दर्ज किया गया था। वहीं, मलदहिया इलाके में यह आंकड़ा 303 के पार पहुंच गया था। इस वजह से इलाका रेड जोन में रहा। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में भी रात 11 बजे तक एक्यूआई 202 दर्ज किया गया। शहर के अधिकांश इलाकों में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

नगर निगम से पानी के छिड़काव की मांगी मदद

क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि शहर में प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। इस पर नियंत्रण के लिए नगर निगम से पानी के छिड़काव में मदद मांगी गई है। इसके अलावा प्रदूषण कम करने के लिए अन्य वैकल्पिक उपायों पर भी जोर दिया जा रहा है।

कार्बन मोनोऑक्साइड बढ़ने से सिरदर्द और सांस की परेशानी

डॉ. अनिल कुमार सिंह के मुताबिक, वातावरण में कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा बढ़ने से लोगों को कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इसके कारण सिरदर्द, चक्कर आना, थकान, ध्यान भटकना, खांसी और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने बताया कि इसका असर किसी को भी हो सकता है, लेकिन बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है। कमजोर फेफड़ों वाले मरीजों और नवजात बच्चों का भी खास ख्याल रखना जरूरी है।

पिछले साल से ज्यादा खराब हुई शहर की हवा

क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रिकॉर्ड के अनुसार, रविवार को वाराणसी में प्रदूषण का स्तर पिछले साल के मुकाबले अधिक रहा. पिछले साल एक्यूआई 291 दर्ज किया गया था। प्रदूषण के आंकड़ों के मुताबिक, निर्धारित मानक के अनुसार पीएम 2.5 का स्तर 60, पीएम 10 का स्तर 100 और कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर 4 मिलीग्राम प्रति घन मीटर होना चाहिए।

इसके मुकाबले शहर के अधिकांश इलाकों में पीएम 2.5 का स्तर पांच गुना से ज्यादा यानी 389 और पीएम 10 का स्तर करीब चार गुना यानी 468 दर्ज किया गया। वहीं, कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर भी मानक से 24 गुना अधिक यानी 98 रिकॉर्ड किया गया।

अगले 3-4 दिन बेहद सतर्क रहने की जरूरत

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल अस्पताल के चेस्ट एंड टीबी विभाग के प्रोफेसर डॉ. जीएन श्रीवास्तव ने प्रदूषण की स्थिति को बेहद गंभीर बताया है. उन्होंने कहा कि कार्बन मोनोऑक्साइड को साइलेंट किलर भी कहा जाता है. सांस के जरिए यह गैस शरीर में पहुंचकर खून की ऑक्सीजन पहुंचाने की क्षमता को प्रभावित करती है. ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

शाम 5 से रात 11 बजे तक ज्यादा खतरा

डॉक्टरों ने आने वाले तीन से चार दिनों तक विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. लोगों को घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने चाहिए, खासकर शाम के समय. शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक का समय ज्यादा खतरनाक बताया गया है. जरूरत पड़ने पर घर के अंदर भी मास्क पहनने की सलाह दी गई है. वहीं, बाहर निकलते समय मास्क जरूर लगाएं. डॉक्टरों ने सुबह टहलने जाने से भी बचने की सलाह दी है।