Headlines
Loading...
तीन साल बाद घर लौटे थे योगी आदित्यनाथ, मां को देखते ही बोले- भिक्षा दीजिए, फिर जो हुआ वो भावुक कर देगा आपको...

तीन साल बाद घर लौटे थे योगी आदित्यनाथ, मां को देखते ही बोले- भिक्षा दीजिए, फिर जो हुआ वो भावुक कर देगा आपको...

CM Yogi Adityanath Sanyas Story: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संन्यासी बनने का फैसला उनके परिवार के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं था। कभी जींस-पैंट पहनकर घर से निकले अजय सिंह बिष्ट जब करीब तीन साल बाद अपने गांव लौटे, तो उनका रूप पूरी तरह बदल चुका था। सिर मुंडा हुआ था, शरीर पर भगवा वस्त्र थे और हाथ में खप्पर था. वह घर लौटे जरूर थे, लेकिन इस बार बेटे के रूप में नहीं, बल्कि एक संन्यासी के रूप में मां से भिक्षा मांगने पहुंचे थे।

मां के सामने खड़े होकर बोले- भिक्षा दीजिए

यह घटना उस समय की है, जब योगी आदित्यनाथ का नाम अजय सिंह बिष्ट हुआ करता था. संन्यास लेने के बाद वह अपनी मां सावित्री देवी के दरवाजे पर भिक्षा मांगने पहुंचे थे. वरिष्ठ पत्रकार विजय त्रिवेदी ने अपनी किताब 'यदा यदा ही योगी' में इस भावुक प्रसंग का जिक्र किया है. उनके मुताबिक, अजय ने घर के बाहर पहुंचकर भिक्षा के लिए आवाज लगाई. आवाज सुनकर मां दरवाजे पर आईं, लेकिन सामने बेटे को इस रूप में देखकर कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गईं।

मां ने पूछा- घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?

बेटे का बदला हुआ रूप देखकर मां सावित्री देवी खुद को संभाल नहीं पाईं. अजय ने उनके सामने हाथ फैलाकर कहा, 'मां, भिक्षा दीजिए.' यह सुनकर मां ने पूछा, 'बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?' इस पर अजय ने जवाब दिया कि संन्यास उनका धर्म है और एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी. मां से मिलने वाली भिक्षा ही उनके मनोरथ को पूरा करेगी।

मां चाहती थीं बेटा घर के अंदर आए, लेकिन अजय ने कर दिया मना

मां को उम्मीद थी कि बेटा घर के अंदर आएगा और कुछ देर उनके साथ रहेगा. उन्होंने अजय से कहा कि पहले घर के अंदर आ जाओ. हालांकि, अजय अपने संन्यासी धर्म का पालन करने पर अडिग थे. उन्होंने साफ कहा कि भिक्षा लिए बिना न तो वह घर के अंदर आ सकते हैं और न ही वहां से जा सकते हैं. मां ने बेटे की जिद के आगे हार मान ली और भिक्षा देने के लिए घर के भीतर चली गईं।

थोड़े चावल और पैसे लेकर लौट गए थे अजय

सावित्री देवी घर के अंदर से थोड़े चावल और पैसे लेकर आईं और बेटे के भिक्षा पात्र में डाल दिए. भिक्षा मिलते ही अजय वहां से वापस चल पड़े. मां दरवाजे पर खड़ी होकर आंसू भरी आंखों से अपने बेटे को जाते हुए देखती रहीं. विजय त्रिवेदी ने अपनी किताब में इस पल का भावुक वर्णन किया है. उनके मुताबिक, भिक्षा लेने के बाद अजय की आवाज पहाड़ों के करीब बादलों तक गूंज रही थी- 'अलख निरंजन!' मां के लिए उस समय सब कुछ बदल चुका था।

छह महीने तक पिता करते रहे बेटे की तलाश

योगी आदित्यनाथ का बचपन का नाम अजय सिंह बिष्ट था. उन्होंने 1989 में ऋषिकेश के भरत मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की. इसी साल उन्होंने पौड़ी के कोटद्वार स्थित डॉ. पीतांबर दयाल बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीएससी में दाखिला लिया. वर्ष 1992 में उन्होंने यहां से पढ़ाई पूरी की. इसके बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय में भौतिकी विषय से एमएससी में प्रवेश लिया, लेकिन पढ़ाई पूरी नहीं की।

इसी दौरान अजय घर छोड़कर चले गए. परिवार को करीब छह महीने तक उनकी कोई जानकारी नहीं मिली. पिता आनंद सिंह बिष्ट ने बेटे को तलाशने के लिए हर संभव कोशिश की. वह उन सभी जगहों पर गए, जहां अजय के होने की संभावना थी. काफी तलाश के बाद परिवार को पता चला कि अजय गोरखपुर स्थित गोरखनाथ पीठ में हैं और संन्यासी बन चुके हैं. यह जानकारी मिलने पर पिता को गहरा दुख हुआ. वह बेटे को वापस घर लाना चाहते थे, लेकिन अजय अपने फैसले पर कायम रहे।

15 फरवरी 1994 को महंत अवैद्यनाथ ने घोषित किया उत्तराधिकारीसंन्यासी जीवन अपनाने के बाद अजय सिंह बिष्ट का जीवन पूरी तरह बदल गया. वह अपने फैसले पर अडिग रहे और आध्यात्मिक मार्ग पर आगे बढ़ते रहे. 15 फरवरी 1994 को गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवैद्यनाथ ने विधि-विधान के साथ उन्हें अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया. इसके बाद योगी आदित्यनाथ के जीवन का उद्देश्य भी स्पष्ट हो गया. उन्होंने संस्कृत के एक श्लोक के जरिए अपने जीवन का लक्ष्य बताया।

'न त्वं कामये राज्यं, न स्वर्ग न पुनर्भवम्. कामये दुःखतप्तानां प्राणिनामर्तिनाशनम्.'

इस श्लोक का भावार्थ है कि उन्हें न राजपाट चाहिए, न स्वर्ग और न ही मोक्ष. उनकी कामना सिर्फ इतनी है कि दुख से पीड़ित प्राणियों के कष्ट दूर कर सकें।

पांच बार सांसद बने, 2017 में संभाली यूपी के मुख्यमंत्री की कुर्सी

योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 1998 में पहली बार गोरखपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीता और सांसद बने. इसके बाद उन्होंने लगातार पांच बार लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की. वर्ष 2017 में वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने. राजनीति में सक्रिय होने के बाद भी उनका अपने परिवार से संपर्क बना रहा. वह समय-समय पर मां सावित्री देवी से मिलने जाते रहे. मई 2022 में मुख्यमंत्री बनने के बाद करीब पांच साल के अंतराल पर वह अपने पैतृक गांव पहुंचे थे।

मां से मिलकर पूछा था- पहचान लिया न मुझे?

मई 2022 में अपने गांव पहुंचने पर योगी आदित्यनाथ ने मां सावित्री देवी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया था. इस दौरान उन्होंने मां से पूछा था, 'पहचान लिया न मुझे?' इसके बाद जून 2024 में भी वह ऋषिकेश एम्स में भर्ती अपनी मां का हाल जानने पहुंचे थे. 9 फरवरी 2026 को भी उन्होंने मां से मुलाकात की थी. अब मां के निधन के बाद योगी आदित्यनाथ एक बार फिर उत्तराखंड स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर जा सकते हैं. इस बार घर की दहलीज पर उनका इंतजार करने के लिए मां मौजूद नहीं होंगी।