ऋषभ पंत ने चौथी बार छक्के के साथ पूरा की शतक, रोहित-गेल को छोड़ा पीछे खतरे में सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड...
ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में अपनी 9वीं सेंचुरी ठोकी। 128 रनों की पारी में उन्होंने 10 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के लगाए। पंत ने अपना शतक भी छक्के के साथ ही पूरा किया। ग्लेन फिलिप्स के 147वें ओवर की पांचवीं गेंद पर पंत ने लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया। पंत के टेस्ट करियर में यह चौथा मौका है जब उन्होंने शतक छक्के के सात पूरा किया हो।
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा बार छक्के से शतक पूरा करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में पंत संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने इस लिस्ट में वेस्टइंडीज के दिग्गज ब्रायन लारा को पछाड़ा है। वहीं 'क्रिकेट के भगवान' कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड अब खतरे में पड़ गया है।
सचिन तेंदुलकर के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड
सचिन तेंदुलकर के नाम टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा बार छक्के के साथ अपना शतक पूरा करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। मास्टर ब्लास्टर ने इस फॉर्मेट में कुल 51 शतक लगाए थे, जिसमें से 6 बार उन्होंने छक्के के साथ सेंचुरी पूरी की थी। ऋषभ पंत अब 4 बार यह कमाल कर लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।
उनके साथ दूसरे पायदान पर इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केन बैरिंगटन हैं, जिन्होंने भी अपने करियर में 4 शतक छक्के के साथ पूरे किए। ब्रायन लारा से लेकर क्रिस गेल, कुमार संगाकारा और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज लिस्ट में नीचे खिसक गए हैं। रोहित शर्मा ने यह कमाल अपने टेस्ट करियर में 3 बार किया था।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार छक्के के साथ शतक पूरा करने वाले खिलाड़ी-
6 - सचिन तेंदुलकर
4 - केन बैरिंगटन
4 - ऋषभ पंत*
3 - ब्रायन लारा
3 - क्रिस गेल
3 - ब्रेंडन मैकुलम
3 - के संगकारा
3 - रोहित शर्मा
भारत का स्कोर 700 के करीब
खबर लिखे जाने तक टीम इंडिया ने 6 विकेट के नुकसान पर 669 रन बोर्ड पर लगा दिए हैं। टीम इंडिया की लीड भी 300 के पार पहुंच गया है। ध्रुव जुरेल इस पारी में 50 रन का आंकड़ा पार करने वाले 6ठे भारतीय बने हैं। उनसे पहले केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतक जड़ा। जबकि कप्तान शुभमन गिल 2 रन से सेंचुरी से चूके। यशस्वी जायसवाल ने 85 तो देवदत्त पडिक्कल ने 80 रनों की पारी खेली। ऋषभ पंत और केएल राहुल ने अपने इस शतक के साथ रिकॉर्ड बनाया। यह दोनों SENA देशों के खिलाफ शतक जड़ने वाले पहले भारतीय ओपनर और पहले विकेटकीपर बने।