Headlines
Loading...
यम द्वितीया मेले को राजकीय दर्जा दिलाने की पहल, मथुरा सांसद हेमा मालिनी ने सीएम योगी को लिखा पत्र...

यम द्वितीया मेले को राजकीय दर्जा दिलाने की पहल, मथुरा सांसद हेमा मालिनी ने सीएम योगी को लिखा पत्र...

मथुरा, न्यूज। धर्मनगरी मथुरा के ऐतिहासिक यम द्वितीया मेले को राजकीय मेले का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर से तेज हो गई है। ब्रजवासियों की वर्षों पुरानी इस मांग को लेकर सांसद हेमा मालिनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर 11 नवंबर को आयोजित होने वाले यम द्वितीया पर्व से पहले इसे राजकीय मेला घोषित करने का आग्रह किया है। सांसद की इस पहल से यम द्वितीया मेले को सरकारी मान्यता मिलने की उम्मीद एक बार फिर बढ़ गई है।

सांसद हेमा मालिनी ने पांच नवंबर को मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में यम द्वितीया पर्व की धार्मिक, आध्यात्मिक और पौराणिक महत्ता का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि मथुरा में भाई दूज का पर्व यम द्वितीया के रूप में मनाने की सदियों पुरानी परंपरा है। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा पहुंचते हैं और विश्राम घाट पर यमुना में आस्था की डुबकी लगाते हैं। 

इस दिन धार्मिक मान्यता है कि यम द्वितीया के दिन भाई-बहन के एक साथ यमुना स्नान करने से यमराज के दंड और यमपाश से मुक्ति मिलती है।पत्र में सांसद ने कहा कि इतने व्यापक धार्मिक महत्व और लाखों श्रद्धालुओं की सहभागिता वाले इस ऐतिहासिक पर्व को अभी तक राजकीय मेले का दर्जा नहीं मिल सका है। जबकि यह आयोजन मथुरा की धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने इस मांग को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री से विशेष पहल करने का अनुरोध किया है।

सांसद ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि यम द्वितीया मेले को राजकीय दर्जा दिलाने के संबंध में नगर निगम मथुरा-वृंदावन की ओर से 22 मई को नगर विकास विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया जा चुका है। इसके बावजूद अभी तक इस दिशा में अंतिम निर्णय नहीं हो सका है। 

ऐसे में हेमा मालिनी ने मुख्यमंत्री से 11 नवंबर को होने वाले पर्व से पहले यम द्वितीया मेले को राजकीय मेला घोषित करने की मांग की है। अब ब्रजवासियों की निगाहें प्रदेश सरकार के निर्णय पर टिकी हैं।