Varanasi News
काशी के नमो घाट पर गूंजा 'बम बम', गणेश आचार्य ने लॉन्च किया फिल्म का गाना
Varanasi : आचार्य ने फिल्म 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' के खास गाने 'बम बम' को भगवान शिव की पावन नगरी काशी यानी वाराणसी में लॉन्च किया.
वाराणसी के प्रसिद्ध नमो घाट पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में छठ पूजा के पावन पर्व के चलते जबरदस्त भक्तिमय माहौल देखने को मिला. इस दौरान गणेश आचार्य ने बताया कि वाराणसी का उनके करियर में खास स्थान है.
'बम बम' गाने को जुनैद कुमार और कल्याण वसंत ने अपनी आवाजें दी हैं. गाने को जुनैद कुमार ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल खुद गणेश आचार्य ने लिखे हैं. 'बम बम' में भगवान शिव के प्रति भक्ति को जोश से भरे म्यूजिक और आज के दौर के साउंड के साथ पेश किया गया है.
काशी में गाना लॉन्च करने के अनुभव पर गणेश आचार्य ने कहा, 'भगवान शिव की पवित्र नगरी काशी आकर छठ पूजा के शुभ मौके पर अपनी फिल्म का सबसे बड़ा गाना शिवजी को समर्पित करना मेरे लिए इससे खास बात और क्या हो सकती है. 'बम बम' सिर्फ एक गाना नहीं है, बल्कि हमारी भक्ति और मेरे परिवार की आस्था की अभिव्यक्ति है. वाराणसी हमेशा से मेरे करियर का खास हिस्सा रहा है.'
उन्होंने आगे कहा, 'मैंने सबसे पहले यहां
अभिषेक बच्चन की फिल्म 'बस इतना सा ख्वाब है' के गाने 'रामजी' की शूटिंग की थी. इसके बाद रणबीर कपूर की 'ब्रह्मास्त्र' समेत कई प्रोजेक्ट्स के लिए वापस आया. महादेव को समर्पित गाने के साथ काशी लौटना इस पल को मेरे लिए और भी खास बना देता है.'
कब रिलीज होगी 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट'?
बताते चलें कि 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' संगीत, डांस और सिनेमा के जरिए गणेश आचार्य के सफर को दिखाएगी. इस मूवी को को वी2एस प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट पेश कर रहा है, जबकि फिल्म की निर्माता सौंदर्या आचार्य हैं. फिल्म की कहानी लिखने और निर्देशन की जिम्मेदारी गणेश आचार्य ने संभाली है. इसकी पटकथा और डायलॉग्स दिगांगना सूर्यवंशी और गणेश आचार्य ने मिलकर लिखे है. यह फिल्म 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.