Headlines
Loading...
IND U19 vs PAK U19: मैच भारत के हाथ से निकल गया था,फिर मनाल-मोहित ने पलटी बाजी आखिरी गेंद पर भारत ने पाकिस्तान को रौंदा...

IND U19 vs PAK U19: मैच भारत के हाथ से निकल गया था,फिर मनाल-मोहित ने पलटी बाजी आखिरी गेंद पर भारत ने पाकिस्तान को रौंदा...

IND U19 vs PAK U19 Final Match Highlights: भारतीय अंडर-19 टीम ने एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को करीबी मुकाबले में 1 विकेट से हरा दिया. इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाए थे। इसके जवाब में उतरी भारतीय अंडर-19 टीम ने आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर 338 रनों का टारगेट हासिल किया। 

इस मुकाबले में दोनों टीमों के फैंस की सांसे अटक गई थीं। एक समय पर भारतीय टीम का हाथ से मैच फिस गया था। 338 रनों का टारगेट चेज कर रही भारतीय अंडर-19 टीम ने सिर्फ 252 रन के स्कोर पर 8 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मनाल चौहान और मोहित उलवा की तूफानी पारी के दम पर भारत ने रोमांचक जीत दर्ज की। 
पारी की आखिरी गेंद पर भारत को जीत के लिए 3 रन की जरूरत थी। मोहित उलवा ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई। इसी के साथ भारत ने अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। जानें मैच में क्या-क्या हुआ…

भारत ने पाकिस्तान के मुंह से छीनी जीत

फाइनल के अहम मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत के सामने 337 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. जब भारतीय टीम टारगेट चेज करने उतरी, तो शुरुआत अच्छी रही. सलामी बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के बीच 95 रनों की साझेदारी हुई. आर्यवीर सहवाग 58 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद 146 रन के स्कोर पर भारत ने वीके विनीत (24) के रूप में दूसरा विकेट गंवाया. फिर एक के बाद बाद भारतीय टीम के विकेट गिरते रहे. कप्तान रायचंदानी 80 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, अर्जुन राजपूत 16 रन, यशबर्धन चौहान 9 रन और अन्वय द्रविड़ 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

इसके बाद मनाल चौहान ने पारी को संभाला, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे. भारत ने सिर्फ 252 रन के स्कोर पर 8 विकेट खो दिए. फिर 10वें नंबर पर मोहित उलवा ने मनाल चौहान का साथ दिया. उन दोनों के बीच महज 35 गेंद पर 57 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन मनाल चौहान 32 गेंद पर 47 रन बनाकर आउट हो गए. हालांकि मोहित के क्रीज पर होने से भारतीय फैंस की उम्मीदें जिंदा थीं. मोहित ने 11वें नंबर के बल्लेबाज चिगुरुपति वेंकट के साथ 16 गेंद पर 30 रनों की साझेदारी की और भारत को 1 विकेट से मैच जिताय दिया. मोहित उलवा 26 गेंद पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे।

पाकिस्तान ने खड़ा किया पहाड़ जैसा स्कोर

पाकिस्तान अंडर-19 टीम ने भारत के सामने 337 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था. पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज उस्मान खान ने 111 गेंदों पर 107 रनों की पारी खेली. उनके अलावा अब्दुल कादिर ने 54 गेंद पर 80 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि फरहान यूसुफ ने 63 रन बनाए. इसके दम पर पाकिस्तान ने भारतीय अंडर-19 टीम को 338 रनों का बड़ा टारगेट दिया. भारत की ओर से काव्या पटेल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए. वहीं, चिगुरुपति वेंकट ने 3 विकेट और अर्जुन राजपूत ने 1 विकेट हासिल किया. भारतीय टीम ने कुल 8 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, लेकिन फिर भी पाकिस्तान बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रहा।

भारत ने 9वीं बार जीता अंडर-19 एशिया कप

भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर 9वीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया. साथ ही भारत ने पाकिस्तान से पिछले साल का बदला भी लिया. दरअसल, पाकिस्तान ने पिछले साल के अंडर-19 एशिया कप में भारत को 191 रनों से बुरी तरह हराया था. अब भारत ने इस फाइनल में पाकिस्तान को हराकर पुराना हिसाब चुकता कर लिया है।