Opinion: जोश में होश भूले युवा U19 चैंपियंस, क्या यही है जेंटलमैन गेम का संदेश? देखें...
केसरी न्यूज 24 खेल रिपोर्ट : किसी भी खेल में जीत के बाद खिलाड़ियों का जश्न मनाना उसका हिस्सा होता है. खास तौर पर तब, जब जीत अपने चिर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ मिले, लेकिन हर जश्न की अपनी एक मर्यादा होती है। अक्सर खिलाड़ी इस मर्यादा को याद रखते हैं, लेकिन कई बार वे जोश में अपना होश खो बैठते हैं। ऐसा ही कुछ अंडर-19 मेंस एशिया कप के फाइनल में देखने को मिला।
यह फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया. भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर मैच जीता. ऐसे में साफ है कि अंतिम गेंद तक पाकिस्तान ने भी जीत के लिए अपना पूरा जोर लगाया, लेकिन भारत के मोहित उल्वा ने चौका जड़कर उसके जबड़े से जीत छीन ली. जैसे ही टीम इंडिया विजेता बनी, डगआउट में बैठे सभी खिलाड़ी दौड़ते हुए मैदान पर आ गए।
जश्न में आक्रामकता दिखाना कितना सही?
क्रिकेट को एक जेंटलमैन गेम कहा जाता है. इस गेम की मर्यादा ही उसकी खेल भावना है. जीत के बाद हर टीम जश्न मनाती है, लेकिन साथ ही विपक्षी को सराहा भी जाता है, क्योंकि कोई भी टीम मैदान पर हारने के लिए नहीं उतरती है. लेकिन जब जीत का जश्न उग्र हो जाए, तो यह उसे फीका कर देता है।
भारत के पाकिस्तान के साथ रिश्तों को लेकर समझा जा सकता है कि खिलाड़ी अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए होंगे, लेकिन यह कहां तक सही है कि जीत के बाद विपक्षी प्लेयर के मुंह पर जाकर चिल्लाया जाए और आक्रामक इशारे किए जाएं? हाल के दिनों में भारत की सीनियर टीम भी पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरी और जीती भी, लेकिन इस तरह का उग्र जश्न नहीं मनाया गया।
जीत के साथ संस्कार दिखाना भी जरूरी है
एशिया कप में पाकिस्तान पर टीम इंडिया की जीत पर पूरे देश को गर्व है और होना भी चाहिए, क्योंकि ये भारतीय क्रिकेट के भविष्य हैं। हालांकि, इसके साथ इस बात का भी ध्यान रखना जरूरी है कि क्रिकेट में अगर आज जीत मिली है, तो कल आपको हार भी मिल सकती है, लेकिन एक चीज तो आपके हाथ में है और वह यह कि आप जीत के बाद भी खुद को संयमित और शांत रखें, क्योंकि एक टीम तब महान बनती है जब वह अपने विपक्षी का भी सम्मान करती है। यही कारण है कि अंडर-19 एशिया कप में टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने जीत के बाद थोड़ी सी मर्यादा को भंग ज़रूर किया, जो उन्हें नहीं करना चाहिए था।