Headlines
Loading...
UP Politics: रोहिणी का ओवैसी पर हमला, बोलीं- कल तक पूछते थे अब्दुल CM कब बनेगा, अब दलित के पीछे बिछाएंगे दरी...

UP Politics: रोहिणी का ओवैसी पर हमला, बोलीं- कल तक पूछते थे अब्दुल CM कब बनेगा, अब दलित के पीछे बिछाएंगे दरी...

लखनऊ राजनीति, न्यूज। उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए गठबंधन की दस्तक के साथ ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे को लेकर अब डॉ. रोहिणी घावरी ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने गठबंधन की राजनीतिक रणनीति पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि यह मोर्चा चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत पाएगा। रोहिणी ने ओवैसी के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए ऐसा तंज कसा, जिसने सियासी बहस को और गरमा दिया है।

ओवैसी के पुराने बयान पर रोहिणी का तंज

डॉ. रोहिणी घावरी ने कहा कि ओवैसी पहले सवाल उठाते थे कि अब्दुल मुख्यमंत्री कब बनेगा और आखिर कब तक दरी बिछाता रहेगा. लेकिन अब उन्होंने खुद एक दलित नेता को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर दिया है. रोहिणी ने तंज कसते हुए कहा कि अब अब्दुल दलितों के पीछे जाकर दरी बिछाएगा. उन्होंने इस गठबंधन को दलितों और मुसलमानों को राजनीतिक रूप से गुमराह करने की कोशिश बताया।

तीन राज्यों में गठबंधन के नतीजों पर उठाए सवाल

रोहिणी ने दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश में हुए गठबंधनों का हवाला देते हुए कहा कि इन जगहों पर भी उन्हें कोई खास राजनीतिक सफलता नहीं मिली. उन्होंने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे को चुनौती देते हुए कहा कि अगर यह गठबंधन एक भी सीट जीत जाता है, तो वह उसकी हर शर्त मानने को तैयार हैं. उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर पर निशाना साधते हुए दोनों को भाजपा की बी टीम भी बताया।

अखिलेश यादव पर ओवैसी ने साधा निशाना

वहीं, सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन के मंच से असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भी हमला बोला. उन्होंने अखिलेश के नेतृत्व, मुस्लिम राजनीति और अयोध्या में राम मंदिर जाने के कार्यक्रम को लेकर सवाल उठाए. आजम खां का जिक्र करते हुए उन्होंने सपा के मुस्लिम सांसदों और विधायकों को भी घेरा. अखिलेश पर तंज कसने के लिए ओवैसी ने अमीर मीनाई का शेर पढ़ा- 'सरकती जाए है रुख से नकाब आहिस्ता-आहिस्ता, निकलता आ रहा है तेरा चेहरा आहिस्ता-आहिस्ता.' उन्होंने कहा कि अखिलेश उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हैं और पूर्व ही रहेंगे।

चंद्रशेखर ने उठाया दलित उत्पीड़न का मुद्दा

इस कार्यक्रम में चंद्रशेखर आजाद ने दलित उत्पीड़न का मुद्दा उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि दलितों पर अत्याचार होने पर विपक्ष के नेता अक्सर चुप्पी साध लेते हैं. ओवैसी ने चंद्रशेखर को लगी गोली का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना का दर्द आज भी उनके भाई की कमर में है. इस तरह मोर्चे के गठन के मंच से जहां विपक्षी दलों पर निशाना साधा गया, वहीं गठबंधन को लेकर सियासी विरोध भी तेज होता नजर आया।

कौन हैं डॉ. रोहिणी घावरी?

डॉ. रोहिणी घावरी स्विट्जरलैंड से डॉक्टरेट की पढ़ाई कर चुकी हैं. वह दलित अधिकारों और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहती हैं. चंद्रशेखर आजाद के साथ उनका विवाद निजी संबंधों को लेकर भी चर्चा में रहा है. रोहिणी का आरोप है कि चंद्रशेखर ने शादी का भरोसा देकर उनका शारीरिक और भावनात्मक शोषण किया. इस मामले में उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई है. इसी विवाद के बाद वह लगातार सुर्खियों में रही हैं।