Headlines
Loading...
विधानमंडल के दोनों सदनों में 91717.1135 करोड़ रु. का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश, पांच दिसंबर को सदन देगा स्वीकृति...

विधानमंडल के दोनों सदनों में 91717.1135 करोड़ रु. का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश, पांच दिसंबर को सदन देगा स्वीकृति...

बिहार पटना ब्यूरो। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना पर 21 हजार करोड़ रुपये, जबकि बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली मुफ्त देने पर 6462 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा 1886 करोड़ रुपये वृद्धों को पेंशन और 800 करोड़ स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड पर खर्च किये जाएंगे। 

आज बुधवार को विधानमंडल के दोनों सदनों में 91717.1135 करोड़ रु. का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किया गया। इस पर पांच दिसंबर को सदन स्वीकृति प्रदान करेगा। इसके बाद विनियोग विधेयक की मंजूरी के बाद खर्च की अनुमति मिल जाएगी। 

वित्त एवं वाणिज्यकर मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने विधानसभा में इसे पेश करते हुए बताया कि इस राशि में 51253.7784 करोड़ वार्षिक योजना मद, जबकि 40462.9951 करोड़ स्थापना एवं प्रतिबद्ध व्यय मद में खर्च होंगे।

समग्र शिक्षा अभियान के लिए 1548 करोड़ केन्द्रांश और 4197 करोड़ राज्यांश के रूप में खर्च होंगे। इसी तरह 1600 करोड़ आयुष्मान भारत, 861 करोड़ सड़कों के निर्माण, जबकि 275 करोड़ ग्रामीण सड़कों के उन्नयन पर खर्च होंगे। इसके अलावा 750 करोड़ बालिका स्नातक प्रोत्साहन योजना और 288 करोड़ बालिका इंटरमीडिएट प्रोत्साहन योजना के लिए दिये गए हैं। 

राज्य में नए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण पर 723 करोड़ रुपये व्यय की योजना है। शहरों के विकास पर 550 करोड़ खर्च होंगे। गयाजी, भागलपुर, दरभंगा और सहरसा एयरपोर्ट के निर्माण पर 500 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे। 

मंत्री के अनुसार पटना मेट्रो के लिए 389 करोड़, जबकि पंचायत सरकार भवनों के निर्माण के लिए 500 करोड़ का प्रावधान किया गया है। सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण की योजनाओं पर 651 करोड़ खर्च होंगे। राज्य में औद्योगिक विकास के लिए भूअर्जन करने पर 550 करोड़ व्यय किये जाएंगे। 

विभिन्न बिजली परियोजनाओं पर 480 करोड़, विभिन्न स्टेडियम और खेल संरचना के विकास के लिए 250 करोड़ व्यय की योजना है। विभिन्न विभागों के वेतन के लिए भी 9243 करोड़ खर्च होंगे, जबकि आकस्मिक कार्यों पर 21689 करोड़ खर्च का प्रावधान किया गया है। 

राज्य में जीविका निधि साख सहकारी संघ के लिए 200 करोड़, आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय के लिए 150 करोड़, जीविका के लिए 347 करोड़, आंगनबाड़ी के लिए 414 करोड़ और आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों की पोशाक के लिए 179 करोड़ खर्च की योजना है। उधर, विधान परिषद में प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने इसे पेश किया। 

विस अध्यक्ष अधिकृत: इसी क्रम में सदन ने राज्य के विश्वविद्यालयों में सीनेट सदस्यों के मनोनयन के लिए विधानसभा अध्यक्ष को अधिकृत करने पर सहमति दी। संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने इस संबंध में प्रस्ताव पेश किया था। 

पांच दिवंगत को श्रद्धांजलि दी 

विधानमंडल में श्रीचन्द सिंह, शिबू सोरेन, सत्यपाल मलिक, हरिनंदन यादव और राणा गंगेश्वर सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी। इनका पिछले दिनों निधन हो गया है। सदन के अंदर सदस्यों ने एक मिनट का मौन रखकर इन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। 

11 विधेयकों को राज्यपाल से मिली मंजूरी 

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने 11 विधेयकों पर अपनी सहमति प्रदान कर दी है। इन्हें बिहार विधानमंडल ने पारित कर राज्यपाल की मंजूरी के लिए राजभवन भेजा था। राज्यपाल से मंजूरी की जानकारी विधानसभा की सचिव ख्याति सिंह ने दी। उन्होंने सभी विधेयकों का विवरण सदन पटल पर रखा। 

सचिव ने बताया कि बिहार विनियोग संख्या 3 विधेयक, बिहार हिन्दू धार्मिक न्यास विधेयक, बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त (संशोधन) विधेयक, बिहार कृषि भूमि (गैर कृषि प्रयोजनों के लिए संपरिवर्तन) (संशोधन) विधेयक, बिहार भूमिगत पाइप लाइन (भूमि में उपयोगकर्ता के अधिकार का अर्जन) (संशोधन) विधेयक, बिहार माल एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, बिहार प्लेटफार्म आधारित गिग कामगार (निबंधन, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण) विधेयक, बिहार दुकान और प्रतिष्ठान (रोजगार विनियमन और सेवा शर्त) विधेयक, बिहार नगरपालिका (संशोधन) विधेयक, बिहार पशु प्रजनन विनियमन विधेयक, जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय विधेयक को राज्यपाल की अनुमति मिल गयी है। सभी 2025 के विधेयक हैं। 

कार्यमंत्रणा समिति और अध्याशी सदस्यों का मनोनयन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के संचालन के लिए अध्याशी सदस्यों को मनोनीत किया है। इसके तहत रामनारायण मंडल, रत्नेश सादा, भाई वीरेन्द्र, कमरूल होदा और ज्योति देवी को अध्याशी सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति भी गठित की गयी है। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, उर्जा एवं योजना विकास मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, विपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, लोजपा (रा) के राजू तिवारी इसके सदस्य होंगे। विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, विनोद नारायण झा, मनोहर सिंह, अख्तरूल ईमान, प्रफुल्ल मांझी, स्नेहलता, अरुण सिंह, अजय कुमार, आईपी गुप्ता, सतीश यादव इसके विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे।