Headlines
Loading...
ना खान ना पठान, 'आई लव महादेव कहने वाला ही मुंबई का मेयर बनेगा'... AIMIM पर भड़के BJP नेता नितेश राणे...

ना खान ना पठान, 'आई लव महादेव कहने वाला ही मुंबई का मेयर बनेगा'... AIMIM पर भड़के BJP नेता नितेश राणे...

महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार में मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने दो टूक कहा है कि 'आई लव महादेव' कहने वाला कोई हिन्दू ही मुंबई का मेयर बनेगा, कोई खान या पठान नहीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जो कोई भी किसी खान या पठान को मेयर बनाने का सपना देख रहा है तो वो पाकिस्तान और कराची चला जाए, वहीं खान या पठान मेयर बन सकता है।राणे ने कहा कि ऐसे नेता बोलें हम कराची जाने का उनके टिकट की व्यवस्था कर देंगे।

हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के नेता वारिस पठान के इस सवाल पर कि मुंबई का मेयर कोई 'खान' या 'पठान' क्यों नहीं बन सकता? नितेश राणे ने कहा, "इसके लिए AIMIM नेताओं को अपनी पार्टी को इस्लामाबाद या कराची ले जाना होगा। यह भारत में और मुंबई में संभव नहीं है, जिसका DNA हिंदुत्व वाला है। अगर AIMIM नेता ऐसा सपना देखते हैं, तो मैं उन्हें पर्सनली पाकिस्तान का टिकट दूंगा। महादेव की इस धरती पर, सिर्फ़ एक 'भगवाधारी' ही मेयर बनेगा।"

'आई लव महादेव' बोलने वाला ही मुंबई का मेयर बनेगा

एक टीवी चैनल से अलग से बात करते हुए राणे ने कहा कि 'आई लव महादेव' बोलने वाला ही मुंबई का मेयर बनेगा। उन्होंने कहा, "आप देखो देश-दुनिया में क्या हो रहा है? अगर हम ध्यान नही देंगे तो मुंबई में 'आई लव मोहम्मद' वाले मेयर बना लेंगे।" बीएमसी में सीट बंटवारे पर राणे ने कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस पर फैसला ले रहे हैं। उन्होंने इस पर कोई जवाब नहीं दिया कि उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना (शिंदे) को कितनी सीटें मिलेंगी? उन्होंने कहा कि ये चर्चा में तय होगा, लेकिन एक बात साफ है कि हम किसी मुगल को मेयर नही बनने देंगे।

भाजपा-शिंदे सेना के बीच सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय

दूसरी तरफ यह दावा किया जा रहा है कि आगामी मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और अन्य स्थानीय निकाय चुनावों के लिए भाजपा के साथ सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय हो गया है। इसके तहत जिस पार्टी का जिस विशेष क्षेत्र में अधिक ताकत और प्रभाव है, वह उस सीट पर चुनाव लड़ेगी ताकि जीत की संभावना अधिक हो। महाराष्ट्र में अगले महीने होने वाले नगर निकाय चुनाव में एक करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। ये मतदाता यह तय करेंगे कि देश के सबसे धनी नगर निकाय, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) पर अगले पांच वर्षों तक कौन शासन करेगा।

15 जनवरी को होने वाले हैं चुनाव

महाराष्ट्र के 29 नगर निकायों के लिए 15 जनवरी को होने वाले चुनावों में सत्तारूढ़ 'महायुति' और विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) राज्य के प्रमुख शहरी केंद्रों में चुनावी वर्चस्व के लिए आमने-सामने होंगे। मतों की गिनती 16 जनवरी को होगी। बीएमसी ने अपने आधिकारिक पोर्टल पर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की है, जिसके अनुसार सभी 227वार्ड में कुल1,03,44,315 पात्र मतदाता हैं। मुंबई में कुल 1.3 करोड़ मतदाताओं में से 55,16,707 पुरुष और 48,26,509 महिलाएं हैं, जबकि 1,077 मतदाता ''अन्य मतदाता'' की श्रेणी में पंजीकृत हैं।